सिंधीपाड़ा के दो बंद घरों में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने किया उद्भेदन, सोना-चांदी, लैपटॉप, बाइक समेत चोरी का सामान बरामद

 पाकुड़ में सिलसिलेवार चोरी का खुलासा, एक सप्ताह में चार अंतरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार


जागता झारखंड ब्युरो पाकुड़: पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा में 28/29 जून की रात दो बंद घरों में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के चार अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोना-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, कांसा के बर्तन, पुराने नोट और सिक्के, एक मोटरसाइकिल तथा चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अज्ञात चोरों ने दोनों घरों का ताला तोड़कर सोना-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, नगदी और अन्य कीमती सामान की चोरी की थी। पीड़ितों के आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या 159/2026 एवं 160/2026 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। एसआईटी ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 7.06 ग्राम सोना, 97.620 ग्राम चांदी, एक Yamaha R15 मोटरसाइकिल, Dell कंपनी का लैपटॉप, कांसा के बर्तन, पुराने नोट-सिक्के, दो गमछे, बेडशीट तथा चोरी में प्रयुक्त पेचकस, सब्बल और रेंच बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में नगर थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। चारों आरोपियों का संबंध पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र से है तथा इनमें से कई के विरुद्ध झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पूर्व से आपराधिक इतिहास दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में नगर थाना एवं तकनीकी शाखा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Post a Comment

और नया पुराने