जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:लोहरदगा। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी के निर्देश पर कुडू पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मालवाहक टेम्पू से नकली अंग्रेजी शराब एवं उसके निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई 6 जुलाई 2026 की शाम कुडू-चांपी मार्ग स्थित टिको मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान की गई।छापेमारी का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा ने किया। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो टेम्पू को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांची निवासी सुधीर कुमार साहु (21) और कुडू निवासी प्रकाश लोहरा (20) के रूप में हुई।तलाशी के दौरान एक वाहन से 20 लीटर वाले 16 जार में भरी नकली अंग्रेजी शराब तथा दूसरे वाहन से स्प्रिट, कॉफी रंग का रसायन, टुलू पंप, मशीनें, रॉयल चैलेंज ब्रांड के कार्टन, स्टिकर, ढक्कन, बारकोड और शराब निर्माण से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने दोनों मालवाहक टेम्पू भी जब्त कर लिए।मामले में कुडू थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 292, 274, 338 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नकली शराब का निर्माण और आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।



एक टिप्पणी भेजें