पीएम श्री योजना के अंतर्गत केजीबीवी किस्को व पीएम श्री स्कूल कुजरा के छात्र-छात्राएं भुवनेश्वर रवाना

 पीएम श्री योजना के तहत शैक्षणिक भ्रमण के लिए छात्र-छात्राएं भुवनेश्वर रवाना


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:लोहरदगा। प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना के अंतर्गत सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 9 जुलाई 2026 से 13 जुलाई 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) किस्को एवं पीएम श्री स्कूल कुजरा के छात्र-छात्राओं का दल भुवनेश्वर (ओडिशा) के लिए रवाना हुआ।इस शैक्षणिक भ्रमण में दोनों विद्यालयों से 30-30 छात्र-छात्राओं सहित कुल 60 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों के साथ दो शिक्षिकाएं भी मौजूद हैं। दल का नेतृत्व केजीबीवी किस्को की वार्डन संगीता कुमारी साहू कर रही हैं, जबकि शारीरिक शिक्षिका खुशबू कुमारी विद्यार्थियों के साथ सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना है। इस दौरान छात्र-छात्राएं भुवनेश्वर के प्रमुख दर्शनीय एवं शैक्षणिक स्थलों का अवलोकन करेंगे, जिससे उनके ज्ञान, व्यक्तित्व विकास तथा व्यावहारिक सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Post a Comment

और नया पुराने