ओयना टोंगरी शवकांड का 7 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार ,हेक्सा ब्लेड से शव के टुकड़े कर खदान में फेंका

ओयना टोंगरी शवकांड का खुलासा: पीट-पीटकर हत्या, शव के टुकड़े कर खदान और जंगल में फेंका


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:लोहरदगा पुलिस ने ओयना टोंगरी स्थित बंद पत्थर खदान में बोरे में मिले क्षत-विक्षत शव मामले का महज सात घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के शेष हिस्से, हत्या में प्रयुक्त हेक्सा फ्रेम ब्लेड तथा शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि ओयना टोंगरी की बंद पत्थर खदान के पानी में एक बोरे में किसी व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। जांच के दौरान बोरे से एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया तथा पहचान के लिए फोटो मीडिया और स्थानीय समाचार चैनलों को उपलब्ध कराया गया।बाद में शव की पहचान न्यू आजाद बस्ती निवासी हुसैन अंसारी के रूप में हुई। मृतक के पिता के फर्दबयान के आधार पर लोहरदगा थाना कांड संख्या 94/26 दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया गया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान टीम ने लगातार छापेमारी कर करीब सात घंटे के भीतर नूर नगर निवासी अरमान खान (22) तथा दुर्गाबाड़ी लेन पावरगंज निवासी मो. सहवाज अहमद उर्फ राज (25) को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि 4 जुलाई की रात दुर्गाबाड़ी लेन स्थित घर में हुसैन अंसारी की पीट-पीटकर हत्या की गई। इसके बाद हेक्सा ब्लेड से शव के टुकड़े कर उन्हें बोरे में भरकर ओयना टोंगरी स्थित पानी से भरी खदान और आसपास की झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हेक्सा फ्रेम ब्लेड और शव के टुकड़े ले जाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी (जेएच-08 के-1173) भी जब्त कर ली है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

और नया पुराने