पाकुड़ के होनहार क्रिकेटर प्रियांशु कुमार का अंडर-19 राज्य टीम कैंप के लिए चयन, उपायुक्त ने खेल किट देकर किया सम्मानित

जिले के खिलाड़ियों के लिए गौरव का क्षण, जिला प्रशासन एवं बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड की खेल पहल को मिली नई पहचान


जागता झारखंड ब्युरो पाकुड़: जिले के उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ी प्रियांशु कुमार का चयन अंडर-19 राज्य स्तरीय क्रिकेट टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए होने पर पूरे जिले में हर्ष का वातावरण है। प्रियांशु, जिला प्रशासन एवं बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से संचालित क्रिकेट प्रशिक्षण केंद्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उनकी यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं के निरंतर निखरते स्तर का प्रमाण है। प्रियांशु इस से पूर्व भी झारखण्ड बालक अंडर16 टीम का प्रतिनिधित्व BCCI द्वारा आयोजित विजय मर्चेंट ट्रॉफी मे कर चूके है। राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर 05 जुलाई से 18 जुलाई तक रांची में आयोजित होगा, जिसमें प्रियांशु अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रशिक्षण शिविर के उपरांत चयनित खिलाड़ियों को राज्य टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रियांशु कुमार को खेल किट प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रियांशु राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे। इस अवसर पर प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक रणबीर सिंह रानू को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने उनके समर्पण, उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी सत्र में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। जिला खेल पदाधिकारी ने भी प्रियांशु को शुभकामनाएं देते हुए पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रियांशु को रांची प्रशिक्षण शिविर के लिए शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।

Post a Comment

और नया पुराने