अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविर आयोजित, योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का अपील


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जिला आयुष समिति, लोहरदगा द्वारा नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ आयु के लिए योग)" है, जो जीवन के प्रत्येक चरण में स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश देती है। बढ़ती उम्र, असंक्रामक रोगों तथा जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं समग्र कल्याण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।योग शिविर में प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर  उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक सतत प्रक्रिया है। उन्होंने युवाओं से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से नॉन-कम्युनिकेबल डिजीज (असंक्रामक बीमारियों) से बचाव संभव है तथा व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।योग केवल एक मैट, एक स्थल अथवा एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। घर, विद्यालय, कार्यस्थल अथवा सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से योग का अभ्यास कर इसके लाभों को जीवनभर प्राप्त किया जा सकता है। योग दिवस की वास्तविक सफलता इसी में है कि लोग इसे अपने दैनिक जीवन में निरंतर अपनाएं।

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि वर्तमान समय की तनावपूर्ण एवं व्यस्त जीवनशैली में योग मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि योग के वास्तविक लाभ तभी प्राप्त होते हैं जब इसे नियमित रूप से जीवन में अपनाया जाए। युवाओं को योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने