बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक एवं वोलेंटियर्स को दिया गया प्रशिक्षण
जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:विशेष गहन पुनरीक्षण (विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को नगर भवन, लोहरदगा में बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षकों एवं वोलेंटियर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित प्रक्रियाओं, दायित्वों एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान सभी मतदाताओं को पूर्व-भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म (EF) उपलब्ध कराया जाएगा तथा उसे संग्रहित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करना बीएलओ की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।उपायुक्त ने बताया कि प्राप्त एन्यूमरेशन फॉर्म के आधार पर मतदाताओं का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। साथ ही मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित, डुप्लीकेट अथवा जिन मतदाताओं से संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है, ऐसे मतदाताओं की एएसडीडी सूची तैयार की जाएगी। मतदाताओं की मैपिंग का कार्य भी समानांतर रूप से किया जाएगा ताकि मतदाता सूची अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बन सके।उन्होंने कहा कि एएसडीडीसूची का सत्यापन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप उसका प्रकाशन किया जाएगा।
कोई भी पात्र नागरिक न छूटे
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने सभी बीएलओ, पर्यवेक्षकों एवं वोलेंटियर्स को पूरी सावधानी, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी गई सभी जानकारियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्य किया जाए, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण, संग्रह एवं डिजिटाइजेशन की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन तथा मतदाता विवरणों के सत्यापन से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पुनरीक्षण कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया।
पात्र नागरिकों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा समय पर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराकर मतदाता सूची के शुद्धीकरण एवं अद्यतन कार्य में सहभागिता निभाएं।


एक टिप्पणी भेजें