जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर गुमला
चैनपुर: चैनपुर अनुमंडल क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की गई है। चैनपुर एसडीपीओ श्रुति की अध्यक्षता में अब हर मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में चैनपुर थाना परिसर स्थित सर्किल इंस्पेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जहाँ ग्रामीण अपनी-अपनी फरियाद लेकर पहुँचे।एसडीपीओ श्रुति ने खुद एक-एक कर सभी ग्रामीणों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया।एसडीपीओ श्रुति ने बताया कि इस जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना है। चैनपुर अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चैनपुर,डुमरी,जारी,कुरुमगढ़,रायडीह, एवं सुरसंग थानों के नागरिक हर मंगलवार को इस शिविर में अपनी शिकायतें लेकर आ सकते हैं।एसडीपीओ श्रुति ने कहा"अनुमंडल क्षेत्र के किसी भी नागरिक को यदि किसी भी प्रकार की परेशानी है या उनके मामलों का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है, तो वे सीधे हर मंगलवार को आकर मुझसे मिल सकते हैं। ग्रामीणों की समस्याओं का निष्पक्ष और त्वरित समाधान करना हमारी पहली प्राथमिकता है।"जनसुनवाई के पहले ही दिन कई अहम मामलों पर एसडीपीओ द्वारा मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी किए जाने से ग्रामीणों में काफी उत्साह और संतोष देखा गया। लोगों का कहना है कि इस पहल से उन्हें अपनी बात रखने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और पुलिस प्रशासन पर उनका भरोसा और मजबूत होगा।


एक टिप्पणी भेजें