समाजवादी पार्टी नेताओं ने इम्तियाज ओहदार की हज यात्रा के लिए दी शुभकामनाएं
मुजफ्फर हुसैन, जागता झारखण्ड, ब्यूरो राँची:- समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक सभा प्रदेश अध्यक्ष एवं इरबा मरकजी अंजुमन सोसाइटी के अध्यक्ष सह पूर्व पंचायत समिति सदस्य इम्तियाज ओहदार 3 मई को पवित्र हज यात्रा के लिए रवाना होंगे। वे इरबा स्थित अपने पैतृक आवास से रांची हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां से वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। दिल्ली से वे जेद्दा (सऊदी अरब) के लिए उड़ान भरेंगे। उनका हज यात्रा का कार्यक्रम लगभग 28 दिनों का निर्धारित है। हज यात्रा पर प्रस्थान से पूर्व उनके सम्मान में एक सादगीपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव मुस्तफा अंसारी, जिला अध्यक्ष रामप्रसाद गोप सहित कई पार्टी कार्यकर्ता, परिजन एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने इम्तियाज ओहदार को गुलदस्ता भेंट कर, गमछा ओढ़ाकर तथा टोपी पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके सफल यात्रा की कामना की। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव मुस्तफा अंसारी ने कहा कि हज इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्तंभ है। हर मुस्लिम की यह ख्वाहिश होती है कि उसे जीवन में एक बार इस पवित्र यात्रा का अवसर प्राप्त हो। उन्होंने इम्तियाज ओहदार के सफल, सुखद एवं मंगलमय हज यात्रा की कामना करते हुए कहा कि वे वहां से देश, समाज और मानवता की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआ करें। वहीं जिला अध्यक्ष रामप्रसाद गोप ने अपने संबोधन में कहा कि हज यात्रा न केवल आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है, बल्कि यह समाज में भाईचारे, एकता और सद्भाव का संदेश भी प्रसारित करती है। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने इम्तियाज ओहदार को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं सकुशल वापसी की कामना की।



एक टिप्पणी भेजें