लोहरदगा में भाईचारे और उमंग के साथ शांतिपूर्ण बकरीद मनाई गई,अमन-चैन और तरक्की की मांगी गई दुआएं


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा: त्याग, बलिदान और इंसानियत का पैगाम देने वाला पर्व ईद-उल-अज़हा (बकरीद) गुरुवार को लोहरदगा जिले में पूरे अकीदत, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अल्लाह की इबादत करते हुए देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। पर्व को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खास उत्साह देखने को मिला। लोहरदगा, कुड़ू, किस्को, भंडरा, सेन्हा, कैरो समेत जिले के सभी ईदगाहों और मस्जिदों में ईद-उल-अज़हा की दो रकात नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान हर उम्र और वर्ग के लोग एक ही कतार में नजर आए, जिसने सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। लोहरदगा ईदगाह में सुबह 8 बजे हजरत मौलाना व कारी शमीम रिजवी की इमामत में ईद-उल-अज़हा की नमाज अदा की गई। इस दौरान जिले के पुलिस कप्तान सादिक अनवर रिजवी ने भी ईदगाह पहुंचकर नमाज अदा की। नमाज के बाद उन्होंने अंजुमन इस्लामिया के सदर अब्दुल रऊफ अंसारी, सचिव शाहिद अहमद बेलू समेत अन्य ओहदेदारों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को ईद-उल-अज़हा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोहरदगा हमेशा से सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की मिसाल रहा है तथा सभी को इसी एकता और सौहार्द को बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए। वहीं अंजुमन इस्लामिया के सदर रऊफ अंसारी, सचिव शाहिद अहमद बेलू सहित अन्य सदस्यों ने भी लोगों से गले मिलकर ईद की बधाई दी। शहर की जामा मस्जिद, बेलाल मस्जिद, पावरगंज मस्जिद, बंगले वाली मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। बंगले वाली मस्जिद के इमाम हाफिज अब्दुल रऊफ खान ने नमाज के बाद कहा कि ईद-उल-अज़हा का पर्व इंसान को त्याग, बलिदान और अल्लाह के प्रति समर्पण की सीख देता है; जीवन में कुर्बानी और इंसानियत का विशेष महत्व है। बकरीद को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में सुबह से ही खास उल्लास देखने को मिला; बच्चे नए कपड़ों में एक-दूसरे को मुबारकबाद देते नजर आए। पूरे जिले में पर्व को लेकर खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। जिला प्रशासन व पुलिस ने भी पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए; कंट्रोल रूम चौकस रखा गया और संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्त की व्यवस्था रही। डीसी सह डीएम संदीप कुमार मीना व पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने स्थिति पर नजर रखी, और पुलिस अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे। समाचार लिखे जाने तक बकरीद का पर्व जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।




Post a Comment

और नया पुराने