शिक्षा माफियाओं की गुंडागर्दी और तानाशाही अब बर्दाश्त नहीं- समरेंद्र कुणाल

 


प्रतिनिधि जागता झारखण्ड, कटिहार (बिहार): सेंट करेंस स्कूल में छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे घिनौने खिलवाड़ पर अब अभिभावक समिति के संरक्षक समरेंद्र कुणाल ने आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर आगबबूला होते हुए कुणाल ने इसे सीधे तौर पर 'शिक्षा के नाम पर संगठित लूट' करार दिया। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि बच्चों की टीसी रोककर उन्हें कमीशनखोरी की आग में झोंकने वाले इन सफेदपोश अपराधियों का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। समरेंद्र कुणाल ने खुली चेतावनी दी कि अगर प्रबंधन ने अपनी मर्यादा में रहकर छात्रों का भविष्य लौटाने के बजाय तानाशाही जारी रखी, तो उग्र जन-आंदोलन के जरिए स्कूल की ईंट से ईंट बजा दी जाएगी।निदेशक असित गुप्ता द्वारा मीडिया कर्मियों के साथ की गई बदसलूकी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता और पैसे के अहंकार में डूबा यह प्रबंधन शायद भूल गया है कि जनता की अदालत में इनका हिसाब बहुत जल्द होगा। जो निदेशक पत्रकारों के साथ गुंडों जैसी भाषा का प्रयोग करता है, उसे एक पल भी शिक्षा के पवित्र क्षेत्र में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर अविलंब स्कूल की मान्यता रद्द कर निदेशक पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। समरेंद्र कुणाल ने स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षा के मंदिर को लूट का अड्डा बनाने वाले इन चेहरों को बेनकाब कर प्रशासन से सजा दिलाकर ही अब वे शांत बैठेंगे।

Post a Comment

और नया पुराने