नेवरी विकास अस्पताल में जटिल सर्जरी सफल, 17 वर्षीय युवक को मिली नई जिंदगी

 


ढाई घंटे चली कठिन सर्जरी, पेट की आंत में कई जगह मिले छेद; डॉ. जावेद अहमद की टीम ने बचाई जान

मुजफ्फर हुसैन, जागता झारखण्ड, ब्यूरो राँची : नेवरी स्थित विकास अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने एक गंभीर एवं जटिल बीमारी से जूझ रहे 17 वर्षीय युवक का सफल ऑपरेशन कर उसे नई जिंदगी दी। करीब ढाई घंटे तक चली कठिन सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है। सफल इलाज के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है तथा अस्पताल प्रबंधन एवं डॉक्टरों की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के बरतुआ गांव निवासी संनिका कुजूर के 17 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुजूर लगभग एक सप्ताह पूर्व सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों ने कई अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर गुरुवार की रात उन्हें नेवरी स्थित विकास अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों की टीम ने मरीज की गहन जांच की। जांच रिपोर्ट में पता चला कि युवक की पेट की आंत का कुछ हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुका था तथा कई स्थानों पर छेद हो गए थे। इसके कारण पेट के अंदर संक्रमण तेजी से फैल रहा था, जिससे मरीज की जान को खतरा बढ़ गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।ऑपरेशन टीम का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जावेद अहमद ने बताया कि मरीज की स्थिति काफी गंभीर थी और संक्रमण तेजी से फैल रहा था। उन्होंने कहा कि लगभग ढाई घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के दौरान क्षतिग्रस्त हिस्सों की सफल सर्जरी की गई। समय पर इलाज और ऑपरेशन के कारण मरीज की जान बचाई जा सकी। फिलहाल मरीज खतरे से बाहर है और उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार यदि स्वास्थ्य में इसी प्रकार सुधार जारी रहा तो अगले दो से तीन दिनों में मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। वहीं अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि विकास अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ मरीजों को बेहतर एवं सुविधाजनक इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में गंभीर बीमारियों एवं जटिल सर्जरी के इलाज की समुचित व्यवस्था मौजूद है तथा अनुभवी डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की सेवा में तत्पर रहती है। इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक राधा चरण सिंह ने सफल ऑपरेशन के लिए डॉक्टरों एवं चिकित्सा टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।इस सफल ऑपरेशन में डॉ. जावेद अहमद, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. समीम अख्तर सहित ओटी स्टाफ एवं नर्सिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अस्पताल की इस उपलब्धि की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।





Post a Comment

और नया पुराने