हत्या कांड में फरार चल रहा आरोपी आखिरकार चढ़ा पुलिस के हत्थे

 


मेहरमा पुलिस की दबिश से घासीचक में मचा हड़कंप, कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल

झारखंड गोड्डा संवाददाता आनंद कुमार मिश्रा मेहरमा/गोड्डा : मेहरमा थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या कांड के एक नामजद आरोपी को आखिरकार पुलिस ने दबोच ही लिया। थाना कांड संख्या 71/26 दिनांक 07 मई 2026 में दर्ज गंभीर मामले के प्राथमिकी अभियुक्त किशन रविदास को मेहरमा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।गिरफ्तार आरोपी की पहचान घासीचक गांव निवासी 55 वर्षीय किशन रविदास, पिता स्वर्गीय कैलू रविदास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत दर्ज इस सनसनीखेज मामले में पुलिस लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते शिकंजे के बीच आखिरकार आरोपी कानून के जाल से बच नहीं सका।सूत्रों की मानें तो गिरफ्तारी के दौरान गांव में हलचल का माहौल बन गया। पुलिस टीम ने पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और थाना लाकर पूछताछ की। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।इधर मेहरमा पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर आम लोगों में भी चर्चा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अपराध करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई होती रही तो अपराधियों में कानून का डर बना रहेगा। वहीं पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने