गोला में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ 250 पेटी शराब बरामद, 2 गिरफ्तार, पिकअप वाहन व बाइक जब्त

 



मोहम्मद इरफान जागता झारखंड ब्यूरो चीफ रामगढ़ : रामगढ़ पुलिस ने गोला थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, शराब निर्माण सामग्री, पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक रामगढ़ को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला थाना अंतर्गत उपर खखरा टोला, पथलगड्डा स्थित एक बंद घर में अवैध विदेशी शराब का निर्माण कर आसपास के क्षेत्रों में तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ रामगढ़ चंदन वत्स के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।टीम ने छापेमारी कर मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज मुर्मू (26 वर्ष) एवं भद्रु सिंह (42 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों गोला थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन घरों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी नकली होलोग्राम और स्टिकर लगाकर विदेशी शराब की तस्करी कर रहे थे।

बरामद सामान

करीब 250 पेटी विदेशी शराब

लगभग 1800 लीटर तैयार शराब

1600 लीटर स्प्रिट

20 हजार से अधिक बोतल कैप व स्टिकर

20 हजार खाली बोतलें

250 खाली कार्टन

50 पानी के जार

अल्कोहल मीटर

एक सफेद रंग का पिकअप वाहन

दो मोटरसाइकिल

इस मामले में गोला थाना कांड संख्या 51/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ चंदन वत्स, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सहित गोला, बरलंगा और रजरप्पा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

गोला थाना की इस कार्रवाई से लोगों में खुशी का माहौल है! थाना प्रभारी अभिषेक कुमार को लोग मुबारकबाद देते हुए नजर आए!










Post a Comment

और नया पुराने