भीड़ में मां से बिछड़ा मासूम

 


 चैनपुर पुलिस की तत्परता से सुरक्षित मिला परिवार को उनका बेटा

जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर गुमला 

चैनपुर: साप्ताहिक बाजार की भीड़ में मां से बिछड़ गया एक मासूम बच्चा पुलिस और ग्रामीणों की सजगता के कारण सकुशल अपने परिजनों तक पहुंच गया। जानकारी देते हुए गुरुवार रात बताया गया कि ग्राम चैनपुर पकरी टोली निवासी अमरुजुस लकड़ा अपने पुत्र अमोस लकड़ा को बाजार में उसकी मां के पास छोड़कर गए थे। इसी दौरान भीड़भाड़ में बच्चा अपनी मां से अलग हो गया और भटकते हुए बस स्टैंड से होते हुए प्रेमनगर खोप टोली पहुंच गया।


खोप टोली पहुंचने पर ग्रामीणों को बच्चा अकेला घूमता नजर आया। पूछताछ करने पर वह अपने घर और परिजनों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए बच्चे को सुरक्षित अपने घर में बैठाया और भूखा होने के कारण उसे भोजन भी कराया। साथ ही मामले की सूचना तत्काल चैनपुर थाना को दी गई।


सूचना मिलते ही चैनपुर थाना के एएसआई बासुदेव सेवईया मौके पर पहुंचे और बच्चे को अपने साथ थाना ले आए। थाना में भी पूछताछ के दौरान बच्चा अपने परिजनों की सही जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद एएसआई बासुदेव सेवईया ने सक्रियता दिखाते हुए अपने खुफिया तंत्र के माध्यम से बच्चे की पहचान और उसके परिवार का पता लगाने का प्रयास शुरू किया।


काफी प्रयास के बाद बच्चे की तस्वीर उसके परिजनों तक पहुंचाई गई। तस्वीर देखते ही परिजनों को जानकारी मिली कि उनका बेटा सुरक्षित चैनपुर थाना में है। सूचना मिलते ही परिजन थाना पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।


अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने चैनपुर थाना पुलिस, विशेष रूप से एएसआई बासुदेव सेवईया तथा बच्चे की मदद करने वाले ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की तत्परता और ग्रामीणों की संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।

Post a Comment

और नया पुराने