जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर गुमला
चैनपुर: सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चैनपुर प्रखंड के प्रेमनगर के समीप एक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान बिना हेलमेट, ड्रिंक एंड ड्राइव (शराब पीकर गाड़ी चलाना) और बिना नंबर प्लेट के चल रहे ट्रैक्टरों सहित कुल 16 मोटरसाइकिल, तीन ट्रैक्टर और एक पिकअप वैन का चालान काटा गया। समाचार लिखे जाने तक जांच अभियान और चालान काटने की प्रक्रिया जारी थी।मौके पर मौजूद मोटरयान निरीक्षक गुमला, प्रदीप कुमार तिर्की ने बताया कि वे चैनपुर में विशेष वाहन चेकिंग के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा "आजकल आए दिन क्षेत्र में कई दर्दनाक दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि लोग नशे में गाड़ी चला रहे हैं और हेलमेट नहीं पहनते हैं। जब भी टक्कर होती है, सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण लोगों की जान चली जाती है। हमारा मकसद इन मौतों को रोकना है, इसीलिए यह विशेष अभियान चलाया गया है।"सड़क सुरक्षा मैनेजर प्रभाष कुमार ने युवाओं और बाइक चालकों से हेलमेट पहनने की अपील करते हुए एक बेहद महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि यहाँ सड़क नई बनी है, जिससे वाहनों की रफ्तार तेज रहती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा "अगर दो गाड़ियों में टक्कर होती है, तो सबसे पहले सिर क्षतिग्रस्त होता है। सिर की गंभीर चोट का इलाज न तो चैनपुर में है और न ही गुमला में; इसके लिए मरीज को सीधे रांची रेफर करना पड़ता है। हम चाहते हैं कि लोग कम से कम अपने सिर को सुरक्षित रखें। एक्सीडेंट भले न रुके, लेकिन उससे होने वाली जान-माल की क्षति को रोका जा सकता है। हेलमेट पहनकर आप खुद को सुरक्षा दे सकते हैं।"उन्होंने जागरूकता फैलाते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा— "दारू पीना मना नहीं है, लेकिन दारू पीकर गाड़ी चलाना सख्त मना है।"इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन मुस्तैद नजर आया। मौके पर मुख्य रूप से मोटरयान निरीक्षक, गुमला प्रदीप कुमार तिर्की,सड़क सुरक्षा मैनेजर प्रभाष कुमार, थाना प्रभारी अरविंद कुमार, एसआई राजेंद्र मंडल इसके साथ ही भारी संख्या में पुलिस बल और वाहन जांच कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



एक टिप्पणी भेजें