जागता झारखंड दुमका ब्यूरो।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुमका इकाई द्वारा गवर्नमेंट आईटीआई दुमका में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज उठाई गई। परिषद के नगर सह मंत्री आदित्य जोशी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र हितों के लिए संघर्ष करती रही है और वर्तमान में आईटीआई के छात्र कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संस्थान में इन दिनों परीक्षा संचालित हो रही है, लेकिन परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। एक बेंच पर लगभग पांच छात्रों को बैठाया जा रहा है तथा 500 से अधिक छात्रों की परीक्षा एक साथ लिए जाने के कारण विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परीक्षा के दौरान छात्रों को लंबे समय तक बाहर खड़ा रखा जाता है, जिससे असुविधा बढ़ रही है।
एबीवीपी ने संस्थान में शिक्षकों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया। आदित्य जोशी ने शिक्षकों की नियमित बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि संस्थान में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं होती हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो प्राचार्य और न ही शिक्षक छात्रों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान दे रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी परिषद ने चिंता जताई। संस्थान के कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण साइकिल और बाइक चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। वहीं पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है।
एबीवीपी ने मांग की कि आईटीआई को प्राप्त होने वाले फंड की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि फंड किस आधार पर प्राप्त होता है और उसका उपयोग किन कार्यों में किया जा रहा है। साथ ही संस्थान में खेल मैदान की समुचित व्यवस्था करने की भी मांग की गई।
अंत में परिषद ने प्रशासन से सभी समस्याओं की अविलंब जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो छात्र हित में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


एक टिप्पणी भेजें