जागता झारखंड दुमका ब्यूरो। झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से गुरुवार को दुमका के पुराना समाहरणालय परिसर के समीप केंद्र सरकार की नीतियों एवं लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष शिव कुमार बास्की ने की। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना को संबोधित करते हुए झामुमो नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में हो रही वृद्धि से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है।
वक्ताओं ने कहा कि बेरोजगारी की समस्या लगातार बढ़ रही है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण छोटे व्यापारियों एवं किसानों की स्थिति भी खराब होती जा रही है। झामुमो नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हुई तो पार्टी आगे भी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। धरना-प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार से बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण करने, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाकर विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम में जिला सचिव निशित वरण गोलदार, कोषाध्यक्ष चंदन भुवानिया, उपाध्यक्ष भैरव दत्ता, शिवलाल मरांडी, जिला संगठन सचिव रवि यादव, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनीता मरांडी, जिला सचिव सबिता टुडू, केंद्रीय समिति सदस्य कादिर राजा, राजेश सिंह, सत्तार खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, सक्रिय कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें