जहाँ सुरक्षा है अपार, वहीं सपनों को मिलता है आकार": कल्याण विभाग के 11 विद्यालयों में हुई प्रोजेक्ट पहल की शुरूआत, उपायुक्त ने अनुसूचित जनजाति आवासीय बालिका विद्यालय से किया शुभारंभ,

जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा


शुक्रवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने शहरी क्षेत्र स्थित अनूसचित जनजाति आवासीय बालिका विद्यालय लोहरदगा से प्रोजेक्ट पहल (प्रोटेक्शन,एजुकेशन एण्ड हेल्थ एक्शन फॉर लोहरदगा) की शुरूआत की ।इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बचपन से ही शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के देखभाल की आवश्यकता है। अगर बचपन से ही इसका अनुश्रवण किया जाए तो व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है। शारीरिक और भावनात्मक रूप से व्यक्ति का मजबूत होना जरूरी है। स्वास्थ्य व कल्याण विभाग का इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। आज कल्याण विभाग के सभी 11 विद्यालयों में इस प्रोजेक्ट को प्रारंभ किया जा रहा है। इसके सफल रहने पर अन्य विद्यालयों में भी इसे लागू कराया जाएगा। अगर इस प्रोजेक्ट का सफल बनाने के लिए कुछ बदलाव की आवश्यकता होगी तो उसमें बदलाव किया जाएगा। यह देश के अन्य हिस्सों में अनुकरणीय सााबित होगा। बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के बाद उसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुधार के लिए बेहतर प्रयास करने में इसमें मदद मिलेगी। कठिन परिस्थितियों से आने वाले बच्चों के लिए सुरक्षात्मक वातावरण प्रदान करने के लिए आवासीय विद्यालयों को सशक्त करने में पहल कार्यक्रम अहम भूमिका निभायेगा।

स्वास्थ्य पंजी किया लॉन्च

उपायुक्त द्वारा इस अवसर पर बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य, मनोसामाजिक स्वास्थ्य,सेल्फ रिपोर्ट, हेल्थ स्कोर कार्ड समेत अन्य बिंदुओं के अनुश्रवण के लिए निर्मित स्वास्थ्य पंजी लॉन्च किया गया।उपायुक्त ने विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य जांच व भावनात्मक स्वास्थ्य जांच शिविर का भी निरीक्षण किया बच्चों की उंचाई, भाषा विकास, बुखार, डेंगू/मलेरिया/टाइफाइड, पेट दर्द, अपच, चर्म विकार, पेट में कृमि आदि की जांच, पढ़ाई में कठिनाई, भावनात्मक परेशानियों में अरूचि, उदासीनता, आक्रोश, आवेगता, चिडचिड़ापन आदि की जांच की गयी।

विद्यालय परिसर का किया निरीक्षण

उपायुक्त विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया जिसमें उन्होंने पुराने आवासीय भवन को जर्जर घोषित कर विलोपित कराने, रसोई के निरीक्षण में आवश्यक साफ-सफाई कराने व मेनू के अनुसार छात्राओं को भोजन परोसे जाने का निर्देश प्राधानाध्यापिका को दिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यालय परिसर के छात्रावास का भी निरीक्षण किया जिसमें उन्होंने छात्रावास में छात्राओं के लिए आवश्यक जरूरत की सामग्रियां भी उपलब्ध कराये जाने का निर्देश दिया।इस अवसर पर आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, पीपीआईए फेलो, विद्यालय की प्राधानाध्यापिका प्रभावती देवी, वार्डन जिसवंती देवी, सदर अस्पताल व कल्याण अंतर्गत बसारडीह अस्पताल की स्वास्थ्य जांच टीम उपस्थित रही।

Post a Comment

और नया पुराने