शहरग्राम में भक्ति का महाकुंभ: पूज्य देवी मीनू लाडली दी के सानिध्य में गूंजेगा भागवत कथा का रस


जागता झारखंड संवाददाता धीरेन साहा महेशपुर (पाकुड़):
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शहरग्राम गांव इन दिनों भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर हो गया है। श्रीमद भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ निकली इस कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भाग लिया। पूरे गांव में “जय श्री कृष्ण” और “राधे-राधे” के नारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का आयोजन 12 अप्रैल से 18 अप्रैल तक दुर्गा मंदिर प्रांगण, शहरग्राम में किया जा रहा है। इस भव्य धार्मिक आयोजन की विशेषता यह है कि कथा वाचन पूज्य देवी मीनू लाडली दी के श्रीमुख से होगा। उनके प्रवचनों को सुनने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।आयोजन समिति के अनुसार, प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक कथा, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहेगा।

ग्रामीणों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश भी देते हैं।कलश यात्रा के साथ ही शहरग्राम में भक्ति की जो लहर उठी है, वह पूरे सप्ताह चरम पर रहने वाली है।

Post a Comment

और नया पुराने