जागता झारखंड चतरा : चतरा जिला के सदर प्रखंड के अंतर्गत रक्सी गांव में पानी की तलाश में भटकता एक मोर अचानक आबादी क्षेत्र में पहुंच गया।सदर प्रखंड पारा लिगल वॉलेंटियर जुलकर नैन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वन विभाग के कर्मचारी के साथ उसे सुरक्षित जंगल तक पहुंचाया। दरअसल, सदर प्रखंड के रक्सी गांव में मोर पानी की तलाश में भटकता हुआ मानव बस्ती तक आ गया। इसी बीच शाम की सैर (इवनिंग वॉक) पर निकले पैरा लीगल वॉलेंटियर जुलकर नैन की नजर राष्ट्रीय पक्षी पर पड़ी। उन्होंने तुरंत स्थिति की गंभीरता समझते हुए बिना समय गंवाए मोर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और उसकी रक्षा की।अगली सुबह उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। विभाग के सहयोग से मोर को पास के जंगल में उसके प्राकृतिक आवास में सफलतापूर्वक छोड़ दिया गया। इस सतर्कता से न केवल मोर की जान बची, बल्कि उसे उसके प्राकृतिक घर वापस लौटने का मौका भी मिला । इस अवसर पर जुलकर नैन ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जंगलों की अंधाधुंध कटाई और जंगलों में आग लगाने की घटनाओं से बचा जाए। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से प्राकृतिक संतुलन बिगड़ रहा है, तापमान बढ़ रहा है और सूखे जैसी स्थितियां पैदा हो रही हैं। इसका सबसे अधिक नुकसान वन्य जीवों को उठाना पड़ रहा है जिससे उनका प्राकृतिक घर नष्ट होता जा रहा है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।



एक टिप्पणी भेजें