जागता झारखंड संवाददाता सनाउल्लाह अंसारी लोहरदगा
लोहरदगा: जिले में चरमराती बिजली व्यवस्था और आसमान छूती दरों के खिलाफ शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार शंखनाद किया। जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पत्तराटोली स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव कर हेमंत सरकार की नीतियों के विरुद्ध जमकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि सरकार जनहित को दरकिनार कर आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह और प्रदेश मंत्री मनीष उरांव की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में 1 अप्रैल से प्रभावी हुई बिजली दरों में वृद्धि को अनुचित बताते हुए कहा गया कि ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं पर प्रति यूनिट 50 से 55 पैसे का अतिरिक्त बोझ डालना किसानों और छोटे व्यवसायियों के साथ अन्याय है। प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से स्मार्ट मीटर और पोस्टपेड मीटरों के माध्यम से आ रहे 'अनाप-शनाप' बिलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने शिकायत की कि एक तरफ बिल बढ़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ खराब ट्रांसफार्मर समय पर नहीं बदले जा रहे और बिजली की भारी कटौती की जा रही है। भाजपा ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई और बढ़ी दरें वापस नहीं ली गईं, तो पार्टी प्रखंड स्तर से लेकर राज्य मुख्यालय तक उग्र आंदोलन करेगी। इस मौके पर जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।


एक टिप्पणी भेजें