जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार जारी/गुमला
जारी प्रखंड अंतर्गत सीकरी पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है। ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई बार दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।बताया जा रहा है कि यह सड़क कच्ची होने के साथ-साथ जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। खासकर बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव के कारण सड़क पर चलना लगभग असंभव हो जाता है, जिससे स्थिति और भयावह हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को सड़क की मरम्मत को लेकर सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। सड़क खराब होने से स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और दैनिक यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मौके पर मौजूद तिजु खेरवार, जगरनाथ खेरवार संदयाल, बालकुंवर उरांव सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को भी बाध्य होंगे।


एक टिप्पणी भेजें