उपायुक्त ने की जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, दिये निर्देश
जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में शनिवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित हुई।बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिला में चिन्हित स्थानों पर नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाए जिसमें शराब पीकर वाहन चलानेवालों व हेल्मेट नहीं पहनकर दोपहिया वाहनचलाने वालों की जांच की जाए। शराब पीकर वाहन चलानेवालों पर ना सिर्फ आर्थिक दण्ड लगाया जाए बल्कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं करने की चेतावनी दी जाए। नियमित रूप से यह जांच अभियान चलाया जाए।
एमएसीटी कोर्ट में दायर हो याचिका
उपायुक्त ने कहा कि जिस सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु किसी वाहन की चपेट में या टकराने से हुई हो वैसे पहचान किये गये वाहनों के मामलों को जल्द से जल्द मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) में भेजा जाए ताकि उसमें पीड़ित परिवार को अधिकतम मुआवजा मिल सके। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज न्यूनतम समयावधि में पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराया जाय ताकि पीड़ित परिवार याचिका दायर कर सके।नगर परिषद लोहरदगा को शहरी क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण करनेवालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।राष्ट्रीय उच्च प्रमण्डल, रांची को सड़क के किनारे झुकी हुई डालियों की छंटाई कराने, सूखे पेड़ों की कटाई कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, सड़क के किनारे अवस्थित विद्यालयों व महाविद्यालयों के पास रंबल स्ट्रिप लगाये जाने और पूर्व में चिन्हित स्थलों में रंबल स्ट्रिप लगाये जाने का कार्य दो सप्ताह में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।शिक्षा विभाग को निदेश दिया गया कि नियमित रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों से अवगत कराया जाए। छात्र-छात्राओं के द्वारा दोपहिया वाहन चालन पर उनके अभिभावकों की काउंसलिंग की जाए।
टीबी की जांच कराए हिण्डाल्को
उपायुक्त ने हिण्डाल्कों इंडस्ट्रीज को अपने खनन क्षेत्रों में कार्यरत सभी पदाधिकारियों, कर्मियों व वाहन चालकों में टीबी की जांच कराये जाने का निर्देश दिया। साथ ही, नियमित रूप से वाहनों चालकों के द्वारा शराब का सेवन कर वाहन चालन करने की जांच का भी निर्देश दिया गया। बैठक मेें उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, जिला परिवहन पदाधिकारी जया सांखी मुर्मू, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, डीएसपी समीर तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, परिवहन कार्यालय से जुड़े पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें