सभी पर्व-त्यौहार खुशनुमा माहौल में मनाएं: डॉ ताराचंद

घटनाओं की पुनरावृति ना हो, असमाजिक तत्वों ना दें संरक्षण: डॉ ताराचंद


सोशल मीडिया पर रहेगी नजर, अफवाह से बचें: सादिक अनवर रिजवी


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा :ईद, सरहुल व रामनवमी को लेकर बुधवार को उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक नगर भवन, लोहरदगा में आयोजित हुई।बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आनेवाले दिनों में ईद, सरहुल, रामनवमी, चैती दुर्गा पूजा, चैती छठ, गुड फ्राईडे के त्यौहार मनाये जाने हैं। यह सभी के लिए विशेष महीना है। हम सभी को यह पर्व-त्यौहार मिलकर मनाना है। ऐसा कोई भी कार्य ना करें जिससे जिला व राज्य की छवि देश में धूमिल हो। पुरानी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। सभी अपने गांव-मोहल्ले में सतर्क रहें और कभी भी असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने का कार्य नहीं करें। गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखें। पर्व त्यौहारों में नागरिक सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। सभी पर्व-त्यौहार खुशनुमा माहौल में मनाएं। पर्व-त्यौहारों में दण्डाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति रहेगी। 

सूचनाएं करें साझा

उपायुक्त ने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना को जिला प्रशासन के साथ साझा करें। किसी घटना को बड़ा ना होने दें। समय पर सूचना मिलने से प्रशासन तत्काल कार्रवाई करेगी। सभी धर्म, समुदाय हैं। आपस में सभी का सम्मान करें।

यथासंभव संसाधन की उपलब्धता के अनुरूप होंगी समस्याएं दूर

उपायुक्त ने कहा कि अगर चापाकल या जलमीनार खराब हैं तो जल्द ही सभी की मरम्मती करायी जाएगी। जिला प्रशासन लोगों की समस्याओं को लेकर बेहद संवेदनशील है।उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को शहरी क्षेत्र में साफ-सफाई, कार्यपालक अभियंता को पेयजल की समस्याओं को ठीक करने और कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमण्डल को जर्जर व झूलते हुए बिजली के तारों की उंचाई ठीक करने का निर्देश दिया।

सोशल मीडिया पर रहेगी नजर, अफवाह से बचें: सादिक अनवर रिजवी

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि किसी भी सूचना को एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेजने के लिए सोशल मीडिया आज एक सशक्त माध्यम है लेकिन इसके दुरूपयोग की भी संभावनाएं बहुत अधिक हैं। किसी भी तरह के अफवाह को प्रसारित करने से बचें। जिला प्रशासन की टीम की नजर सभी सोशल मीडिया अकाउंट पर है। अपने-अपने क्षेत्र में सभी अंचल अधिकारी व थाना प्रभारी आपस में समन्वय के साथ कार्य करें। गाईडलाइन के अनुसार फ्लैग मार्च भी करें। संवदेनशील रूट का संयुक्त निरीक्षण भी कर लें। 

 बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उराँव, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर अली, जिला परिषद संदीप कुमार समेत विभिन्न प्रखण्डों से आए शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने विचार रखे।

Post a Comment

और नया पुराने