जागता झारखंड दुमका ब्यूरो।भारतीय जनता पार्टी दुमका की ओर से बुधवार को बासुकीनाथ स्थित होटल रॉयल पैलेस में बीवी जी राम जी विषय पर महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल की अध्यक्षता में संपन्न इस सम्मेलन में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एवं बाघमारा विधायक शत्रुध्न महतो मुख्य अतिथि रहे। जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद व सुनील सोरेन विशेष रूप से उपस्थित रहे।बाबूलाल मरांडी ने संबोधन में कहा कि ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ यानी भिबी जी आर एएम जी एक्ट-2025 ग्रामीण भारत के लिए दूरदर्शी कदम है। यह मनरेगा से आगे बढ़कर ग्रामीणों को आत्मनिर्भरता, कौशल विकास व सम्मानजनक आजीविका प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 संकल्प में यह मील का पत्थर बनेगा। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि राम व ग्राम के नाम से ही उसकी आपत्ति है। गांधी परिवार अयोध्या राम मंदिर नहीं गया, जो उसकी राम-विरोधी व ग्रामीण-विरोधी मानसिकता दर्शाता है। भाजपा गरीब, किसान व मजदूर के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।बाघमारा विधायक शत्रुध्न महतो ने कहा कि यह कानून रोजगार के साथ आजीविका व टिकाऊ ग्रामीण परिसंपत्तियों पर जोर देता है। अन्य वक्ताओं ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्तिकरण व प्रचार का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कार्यकर्ताओं को जन-जन तक योजना पहुंचाने का निर्देश दिया।कार्यक्रम में रविकांत मिश्रा, अमरेंद्र सिंह, सुरेश मुर्मू, गौरवकांत, पूनम देवी, मृणाल मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें