भोक्तानडीह में तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू, हिमालया एफसी ने दर्ज की जीत

 


जागता झारखंड संवाददाता, शिकारीपाड़ा (दुमका):

ऐभेन स्टार युवा क्लब भोक्तानडीह के तत्वावधान में तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। टूर्नामेंट का शुभारंभ जिला परिषद पश्चिमी क्षेत्र के अगले प्रत्याशी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे गोनोलाल सोरेन ने किया। उन्होंने हिमालया एफसी और आरबीएफसी भाई-भाई टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा खेल भावना के साथ खेलने की अपील की। इसके बाद फुटबॉल को किक मारकर खेल का उद्घाटन किया।

उद्घाटन मुकाबला हिमालया एफसी और आरबीएफसी भाई-भाई के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में हिमालया एफसी ने दो गोल दागकर दूसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली।

आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 22 अक्टूबर को शिकारीपाड़ा मेला के दूसरे दिन खेला जाएगा। इस अवसर पर हर वर्ष की परंपरा के अनुसार भैंस लड़ाई का भी आयोजन किया जाएगा।

फुटबॉल टूर्नामेंट में प्रथम पुरस्कार 30 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 20 हजार रुपये तथा तृतीय और चतुर्थ पुरस्कार के रूप में 8-8 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं, भैंस लड़ाई में प्रथम पुरस्कार 7 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 3,500 रुपये निर्धारित किया गया है। आयोजकों ने बताया कि मैदान में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में युवा संघ अध्यक्ष दुलाल बेसरा, खाड़ुकदमा पंचायत के पूर्व मुखिया मानवेल हेम्ब्रम, परतापुर के भगन मुर्मू सहित क्लब संयोजक मुन्ना मुर्मू, नोरेन मुर्मू, अध्यक्ष मुकेश पावरिया, सचिव सामुऐल हेम्ब्रम, कोषाध्यक्ष सोहोन किस्कू तथा क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने