लोहरदगा में उद्यमिता और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर,डीडीसी बोले- युवा नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार सृजनकर्ता बनें


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:लोहरदगा। जिले में उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को होटल अमृत पैलेस, साइडिंग बस स्टैंड के पास TEJAS जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT), स्टार्टअप इंडिया, झारखंड सरकार एवं JIIDCO के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त राज माहेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम, JIIDCO रांची के पंकज कुमार एवं जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रघुबर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त राज माहेश्वरम ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं में नए विचारों और नवाचार की कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनके विचार सफल व्यवसाय का रूप ले सकें।उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में आगे बढ़ें। स्थानीय संसाधनों एवं आवश्यकताओं पर आधारित व्यवसाय विकसित करने के साथ नई तकनीकों को अपनाएं और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें।कार्यशाला में TEJAS पहल, स्टार्टअप इंडिया एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, व्यावसायिक विचारों के विकास, वित्तीय सहायता, मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, बाजार से जुड़ाव एवं सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। विशेषज्ञों ने उद्यमिता की संभावनाओं, कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण पर भी विचार साझा किए। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।कार्यशाला में ईओडीबी मैनेजर अजित कुमार विद्यार्थी, कुणाल सहदेव सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, कारीगर, युवा, विद्यार्थी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जिले में स्थानीय प्रतिभा, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

Post a Comment

और नया पुराने