पंचाइत कर गोइठ का 17वां संस्करण हुआ आयोजित, उपायुक्त ने दिये निदेश

 जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा



उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में सोमवार को पंचाइत कर गोइठ का 17वां संस्करण आयोजित किया गया।कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी पंचायतों के मुखिया को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि राज्य में धान अधिप्राप्ति का कार्य 15 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होने वाला है। इसके लिए लोहरदगा जिला में 25 धान अधिप्राप्ति केंद्र निर्धारित किये गये हैं। इच्छुक किसान इन्हीं 25 धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर अपना धान दें ताकि सरकार की ओर से बेहतर मूल्य आपको प्राप्त हो सके। किसानों को संबंधित लैम्प्स और एफपीओ में धान देने के एक सप्ताह के उपरांत सरकार द्वारा उन्हें धान की कीमत एकमुश्त दी जाएगी। जिला के किसानों से अपील है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में अपना निबंधन करायें और धान का बेहतर मूल्य पाएं। किसान अपना निबंधन निर्धारित पोर्टल, प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से या प्रखंड कार्यालय में ऑफलाइन मोड में जमा कर सकते हैं। निबंधन के लिए कोई शुल्क देय नहीं है।

बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना

उपायुक्त ने कहा कि रबी फसल के लिए बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो गया है। इसकी अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 है। जिन किसानों ने केसीसी की योजना ले रखी है वैसे किसान अपने संबंधित बैंक से संपर्क करें। दूसरे किसान मात्र 1 रुपये की टोकन मनी पर इस बीमा योजना का लाभ ले सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान से बचाना है। इस योजना के तहत, किसानों को गेहूं, सरसों, चना और आलू जैसी फसलों के लिए बीमा कवरेज प्रदान किया जाता है।उपायुक्त ने कहा कि रबी का मौसम है और फसल बोने के लिए अभी भी स्थितियां अनुकूल हैं। तालाब व नदी में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी है जिसका लाभ किसान उठा सकते हैं।

बच्चों को विद्यालय अवश्य भेजें

उपायुक्त ने कहा कि जो बच्चे विद्यालय नहीं जा रहे हैं उन्हें पढ़ने के लिए विद्यालय अवश्य भेजें। शिक्षा का महत्व व्यक्ति के जीवन में बहुत अधिक है जिससे वंचित नहीं किया जा सकता है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम सभी को अनिवार्य शिक्षा का अधिकार देता है। 

आज कार्यक्रम में शिशु पंजी, फ्रेझा फाउंडेशन द्वारा करियर काउंसिलिंग, पंचायत स्तर ओर शिक्षा समिति की बैठक समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। के कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार, डीएसपी समीर तिर्की, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास समेत जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी व जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए।

Post a Comment

और नया पुराने