अनिश्चितकालीन धरना 10 सितंबर से मिल्की चौक पर शुरू होगा
शमीम अहसन जागता झारखंड ब्यूरो गोड्डा: हनवारा थाना क्षेत्र के ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित थाना भवन निर्माण को लेकर एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि वे 10 सितंबर 2025 से मिल्की चौक पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले भी प्रशासन को इस विषय पर ज्ञापन सौंप चुके हैं और पूर्व में आश्वासन भी मिले, लेकिन आज तक थाना भवन निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पहले भी किया गया था एक दिवसीय धारणा प्रदर्शन
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 22 दिसंबर 2024 को हनवारा चौक पर एक दिवसीय धरना दिया गया था, जिसमें आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया था। उस समय मौके पर पहुंचे महागामा अंचला अधिकारी ने आश्वासन दिया था कि हनवारा में ही जल्द थाना भवन के लिए जमीन चिन्हित कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। जिसके बाद धरना समाप्त किया गया था। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने आश्वासन के विपरीत परसा गांव में थाना भवन के लिए जमीन चिन्हित कर दी, जिससे क्षेत्रीय जनता में रोष व्याप्त है। इस मुद्दे को लेकर अब समाजसेवी शाहीन आलम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा की है। शाहीन आलम का कहना है कि अब यह सिर्फ एक मांग नहीं, बल्कि जनआंदोलन बन चुका है। हनवारा में थाना भवन का निर्माण हर हाल में होना चाहिए।
जनसंख्या और अपराध दर का हवाला
समाजसेवी साकीर आलम ने कहा कि हनवारा की जनसंख्या और बढ़ती अपराध दर को देखते हुए एक स्थायी थाना भवन अत्यंत आवश्यक है। महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की मजबूती के लिए थाना भवन का निर्माण जरूरी है। अन्य ग्रामीणों ने भी प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि इस बार भी मांग नहीं मानी गई, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और उग्र रूप देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती है, तब तक हमारा धरना और अनशन जारी रहेगा।


एक टिप्पणी भेजें