राशनकार्डधारी परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें : उपायुक्त
जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा
: लोहरदगा में उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने सोमवार को साप्ताहिक कार्यक्रम “पंचाइत कर गोईठ” के तहत जिले के मुखियाजनों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर कई आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी राशनकार्डधारी परिवारों का आयुष्मान भारत कार्ड अवश्य बनवाया जाए। इस कार्ड से प्रत्येक परिवार को 15 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज देशभर के आच्छादित अस्पतालों में संभव है।
शिक्षा और बच्चों पर जोर
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसे बच्चों की पहचान की जाए जो न तो आंगनवाड़ी और न ही विद्यालय जाते हैं। उन्हें उम्रानुसार नजदीकी केंद्र या विद्यालय भेजा जाए ताकि उन्हें पोषण और शिक्षा दोनों का लाभ मिले। साथ ही, 8 से 13 सितंबर के बीच आयोजित होनेवाली अभिभावक-शिक्षक बैठक में अधिक से अधिक अभिभावकों को शामिल करने पर बल दिया।
पलायन करनेवाले श्रमिक और वन नेशन योजना
उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए पलायन करनेवाले श्रमिकों का श्रम कार्यालय में निबंधन अनिवार्य किया जाए, ताकि आपात स्थिति में उन्हें सहयोग मिल सके। ऐसे परिवारों को वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना का फायदा अवश्य मिले और देश के किसी भी हिस्से से राशन उठाव सुनिश्चित हो।
त्योहार और साफ-सफाई
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए उन्होंने सभी पंचायतों में नालियों और छठ घाटों की सुदृढ़ साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। छठ से पहले तालाबों में चेतावनी बोर्ड और रस्सी का घेरा लगाने तथा बच्चों को गहरे पानी से दूर रखने पर जोर दिया।
किसानों के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे
मुखियाजनों से खरीफ फसल का डिजिटल क्रॉप सर्वे कराने को कहा गया। यह सर्वे 22 अगस्त से चल रहा है और किसान स्वयं अपनी फसलों का ब्यौरा दर्ज कर सकते हैं। भविष्य में फसल क्षति मुआवजा इसी डेटा के आधार पर दिया जाएगा।
योजनाओं और अन्य बिंदुओं पर चर्चा
बैठक में अधिकारियों ने पीएम कुसुम योजना, किसान समृद्धि योजना, ई-श्रम कार्ड, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सहित अन्य योजनाओं की जानकारी साझा की। साथ ही उपायुक्त ने पलायन श्रमिक पंजी, जैव विविधता पंजी, बाल विवाह व अंधविश्वास उन्मूलन समितियों की नियमित बैठक, गव्य विकास, पशुपालन, जर्जर आंगनवाड़ी पुनर्निर्माण, पीडीएस दुकानों का समय पर संचालन, भोजन की गुणवत्ता, मनरेगा व आवास योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जितेंद मुण्डा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


.jpg)
एक टिप्पणी भेजें