हेंदलासो में युवक ने जहर खाकर दी जान, घटना के कारणों का नहीं हो पाया खुलासा

जागता झारखंड संवाददाता सनाउल्लाह अंसारी लोहरदगा 

:लोहरदगा जिले के हेंदलासो गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पंकज राम (पिता- बनई राम) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने बीते गुरुवार की शाम जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय घरवालों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। धीरे-धीरे तबीयत बिगड़ने पर युवक की जान चली गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, पंकज दम तोड़ चुका था। शुक्रवार को पुलिस की देखरेख में शव को सदर अस्पताल लोहरदगा लाया गया, जहां दोपहर लगभग 1 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

Post a Comment

और नया पुराने