जागता झारखंड दुमका ब्यूरो।रामगढ़ भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को रामगढ़ प्रखंड मुख्यालय में झारखंड सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली सह प्रदर्शन किया। रामगढ़ एवं ठाड़ीहाट मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में सूर्या हांसदा के कथित फर्जी एनकाउंटर की सीबीआई जांच और नगड़ी के आदिवासी रैयतों की जमीन वापसी की मांग पर जोर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रखंड पदाधिकारी को सौंपा गया।
कार्यक्रम प्रभारी व पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार में विधि-व्यवस्था ध्वस्त है और सरकार अपराधियों-माफियाओं को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा सामाजिक कार्यकर्ता और गरीब बच्चों के हितैषी थे, जिनकी पुलिस द्वारा फर्जी मुठभेड़ में हत्या कर दी गई। साथ ही नगड़ी में रैयतों की जमीन छीनने की साजिश आदिवासी हितों पर हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय मिलने तक भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रखेगी। इस अवसर पर जितलाल राय, नवल किशोर मांझी, महेंद्र मंडल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
एक टिप्पणी भेजें