ओबीसी मोर्चा नगर निकाय चुनाव में आरक्षण हेतु करेगी आंदोलन : डॉ. अमरदीप यादव
जागता झारखंड संवाददाता नेमतुल्ला हजारीबाग : भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा जाति मोर्चा झारखंड की प्रदेश स्तरीय बैठक आज 29 अगस्त को भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी रहे। अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड सरकार पूरी तरह निरंकुश हो चुकी है। पंचायत चुनाव देर से कराए गए और उसमें भी ओबीसी आरक्षण नहीं दिया गया। अब ढाई साल बीत जाने के बावजूद नगर निकाय चुनाव नहीं कराया जा रहा, क्योंकि सरकार पिछड़ों का हक छीनना चाहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि ओबीसी मोर्चा भाजपा का सशक्त मोर्चा है और संगठन की ताकत पर पार्टी को पूरा भरोसा है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर और बूथ स्तर पर मन की बात कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। राज्यसभा सदस्य सह प्रदेश महामंत्री आदित्य प्रसाद साहू ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माता के अपमान से न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे महिला समाज और ओबीसी वर्ग का अपमान हुआ है। भाजपा कार्यकर्ता इसका लोकतांत्रिक जवाब देंगे। राष्ट्रीय मंत्री कृष्णा महतो ने संगठन की मजबूती और वंचित वर्गों को योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप यादव ने नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित कराने के लिए चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की। बैठक का संचालन महामंत्री ईश्वर चंद्र प्रजापति ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन हालदार नारायण शाह ने दिया। बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें