हिंडाल्को की कथित लापरवाही से पाखर की सड़क बदहाल, कीचड़ में तब्दील हुआ मुख्य मार्ग


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:
किस्को। प्रखंड अंतर्गत पाखर पठारी क्षेत्र में संचालित हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की कथित लापरवाही के कारण बरसात में क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ गई है। पाखर यात्री सेड से कांटा घर तक जाने वाली मुख्य सड़क बारिश के पानी और कीचड़ के कारण पूरी तरह बदहाल हो गई है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ जमा होने से पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी काफी परेशानी हो रही है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पाखर क्षेत्र में लंबे समय से बॉक्साइट खनन का कार्य चल रहा है। खनन कार्य में भारी वाहनों के लगातार परिचालन से सड़क की स्थिति और खराब हो रही है। बारिश के दौरान सड़क पर मिट्टी और पानी जमा होने से पूरा मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है। इससे वाहन फिसलने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग मजदूरों, विद्यार्थियों और आसपास के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क की बदहाली से रोजाना आवागमन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने कंपनी प्रबंधन से सड़क की तत्काल मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और कीचड़ से निजात दिलाने की मांग की है।वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से भी मामले का संज्ञान लेकर सड़क का निरीक्षण कराने तथा संबंधित कंपनी प्रबंधन को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान आवागमन सुचारू हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

Post a Comment

और नया पुराने