लोहरदगा बाईपास निर्माण स्थल पर अपराधियों ने की फायरिंग, गार्ड को लगी गोली, हाइवा में लगाई आग,कैमो महुवाटोली में बाइपास सड़क निर्माण साइट पर गोलीबारी, सुरक्षा गार्ड घायल


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा: सदर थाना क्षेत्र के कैमो महुवाटोली स्थित बाइपास सड़क निर्माण साइट पर गुरुवार की देर रात मोटरसाइकिल सवार दो हथियारबंद अपराधियों ने गोलीबारी और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने करीब तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें साइट की सुरक्षा में तैनात गार्ड शशिभूषण लकड़ा के हाथ में गोली लग गई। घायल गार्ड को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। फिलहाल रांची में उनका इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार, देर रात बाइक पर सवार दो हथियारबंद अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने मौजूद लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी व अन्य लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के दौरान अपराधियों द्वारा आगजनी किए जाने की भी सूचना है।घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी सहित पुलिस के कई अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ तकनीकी माध्यमों से भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।पुलिस घटना के पीछे की वजह को लेकर कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर विकास कार्य को बाधित करने, निर्माण कंपनी से लेवी मांगने या क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना का वास्तविक कारण पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना के बाद निर्माण स्थल के कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने