महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया नमन, विभिन्न सरकारी कार्यालयों में हुआ ध्वजारोहण


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:
स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर आज जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके साथ ही जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं प्रमुख स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया गया माल्यार्पण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, शंख नदी के समीप स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा अजय उद्यान स्थित अजय कुमार सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।वहीं उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम द्वारा पावरगंज स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तथा सोमवार बाजार स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग ने गुदरी बाजार स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर तथा अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा ने मैना बगीचा स्थित वीर बुधु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम में महापुरुषों के योगदान एवं उनके त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

विभिन्न स्थलों पर हुआ ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।उपायुक्त संदीप कुमार मीना द्वारा उपायुक्त आवास में तथा समाहरणालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया।इस अवसर पर राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया।इसके अतिरिक्त अनुमंडल कार्यालय, लोहरदगा में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा तथा पुलिस लाइन, लोहरदगा में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

देशभक्ति के रंग में रंगा रहा जिला

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जिले में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का वातावरण रहा। विभिन्न सरकारी एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा शान से लहराया। पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमजनों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


Post a Comment

और नया पुराने