लोहरदगा में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया ध्वजारोहण; 17 कर्मी और उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मानित

 


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा
:
स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर बीएस कॉलेज स्टेडियम, लोहरदगा में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत एवं बाद में राष्ट्रगान हुआ। समारोह में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।अपने संबोधन में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि अपने दायित्वों पर आत्ममंथन करने का दिन भी है। स्वतंत्रता अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी लेकर आती है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में किसानों, मजदूरों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के संघर्ष का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।मंत्री ने आदिवासी समाज के संघर्ष को स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण विरासत बताते हुए भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा स्वाभिमान के लिए आदिवासी समाज का संघर्ष देश के इतिहास का अभिन्न हिस्सा है। संविधान ने आदिवासी समाज और आदिवासी क्षेत्रों को विशेष संवैधानिक सुरक्षा प्रदान की है।उन्होंने कहा कि 1947 में आजादी के समय भारत के सामने गरीबी, अशिक्षा, बेरोजगारी और कमजोर आधारभूत संरचना जैसी अनेक चुनौतियां थीं। इसके बावजूद देश ने उद्योग, कृषि, शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। वर्ष 2026 में भारत विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है, हालांकि कई चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं। उन्होंने युवाओं की क्षमता को देश की बड़ी ताकत बताया।मंत्री ने कहा कि झारखंड का देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, बच्चों की शिक्षा, सड़क एवं सिंचाई विकास, किसानों और पशुपालकों के हित तथा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के 17 कर्मियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मान मिला। सब-जूनियर राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता की स्वर्ण पदक विजेता अंशु उरांव, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स कबड्डी में रजत पदक विजेता कोमल उरांव तथा कांस्य पदक विजेता सचिन उरांव सम्मानित हुए।ड्रिल एवं योगा के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, जोगना, कराटे प्रदर्शन के लिए पीएमश्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय जिंगी, कुडू तथा पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सेन्हा को भी पुरस्कृत किया गया। बेस्ट परेड में जिला सशस्त्र पुलिस बल ने प्रथम, नदिया मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के नेवल विंग ने द्वितीय और जवाहर नवोदय विद्यालय की एनसीसी गर्ल्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बेस्ट कंपनी कमांडर का पुरस्कार सार्जेंट मेजर मुकेश कुमार को मिला।समारोह में उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, उनके परिजन और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। पूरे समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का वातावरण रहा तथा लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति संकल्प दोहराया।




Post a Comment

और नया पुराने