स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों और युवाओं ने दिया बाल संरक्षण एवं सामुदायिक जिम्मेदारी का संदेश



जागता झारखंड संवाददाता शिकारीपाड़ा (दुमका):

15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिकारीपाड़ा प्रखंड के कुशबोना गाँव में बच्चों एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वयंसेवी संस्था प्रवाह एवं विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आजादी का जश्न मनाने के साथ ही सामुदायिक पहल के माध्यम से बाल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा बच्चों में स्वतंत्रता, समानता, न्याय, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना था।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नृत्य, भाषण एवं पेंटिंग जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने देशभक्ति, एकता, भाईचारे तथा बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।


इस अवसर पर शिक्षकगण एवं उपस्थित हितधारकों ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों की वीर गाथाओं और उनके संघर्षों को याद करते हुए उनके विचारों, आदर्शों और योगदानों को साँझा करके बच्चों को जागरूक एवं प्रेरित किया।


प्रवाह संस्था की ओर से प्रेम कुमार एवं सुशीला हेम्ब्रम ने बाल विवाह, बाल यौन शोषण, बाल मजदूरी, बाल तस्करी एवं अशिक्षा जैसे गंभीर बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ग्राम एवं पंचायत स्तर पर कार्यरत स्थानीय संस्थानों को प्रखंड एवं जिला स्तर के संबंधित हितधारकों के साथ बेहतर तालमेल और मजबूत समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए इसे समय की मांग बताया।


कार्यक्रम में शिक्षकगण, विद्यालय प्रबंधन समिति, युवा समूह, स्वयं सहायता समूह, पंचायत प्रतिनिधि, सहिया साथी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणों सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं और समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया।



Post a Comment

और नया पुराने