जागता झारखंड संवाददाता शिकारीपाड़ा (दुमका)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश द्वारा दुमका जिला कांग्रेस कमेटी का विस्तार करते हुए नई कार्यकारिणी को स्वीकृति प्रदान की गई है।सुबोध कुमार मंडल को दुमका जिला कांग्रेस कमेटी का जिला महासचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें रानीश्वर प्रखंड प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
सुबोध कुमार मंडल की नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
नवनियुक्त जिला महासचिव सुबोध कुमार मंडल ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि रानीश्वर प्रखंड में संगठन को और अधिक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए पूरी लगन से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे और कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। आपको बताते चलें कि
सुबोध कुमार मंडल इससे पहले दुमका जिला कांग्रेस कमेटी में जिला उपाध्यक्ष के पद पर अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। संगठन में उनके अनुभव और सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने इस बार उन्हें जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।


एक टिप्पणी भेजें