चंदवा स्थित टोरी रेलवे फाटक के लिए वर्ष 2026-27 में आरओबी निर्माण प्रस्तावित


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:चंदवा। चंदवा स्थित टोरी रेलवे फाटक पर लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। टोरी रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण के लिए वर्ष 2026-27 में कार्य प्रस्तावित किया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह ने 14 जून 2026 को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपर मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद को मामले में उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।इसके बाद वरीय मंडल अभियंता (5), पूर्व मध्य रेलवे, धनबाद द्वारा पत्रांक डब्लू-466 जारी कर सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह को जानकारी दी गई कि चंदवा-टोरी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए वर्ष 2026-27 में कार्य प्रस्तावित किया गया है।बताया गया कि टोरी रेलवे फाटक प्रतिदिन करीब 15 से 20 घंटे तक बंद रहता है। इसके कारण चंदवा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फाटक बंद रहने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और जाम की स्थिति बनी रहती है।आरओबी का निर्माण पूरा होने के बाद रेलवे फाटक पर निर्भरता कम होगी और आम लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए प्रस्तावित कार्य को जल्द धरातल पर उतारने की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने