ताराबाद जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

 


जागता झारखंड संवाददाता संजय गोस्वामी फतेहपुर जामताड़ा : फतेहपुर थाना क्षेत्र के ताराबाद जंगल में गुरुवार शाम को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतक की पहचान बिंदापाथर थाना क्षेत्र के धरपूजा गांव निवासी सेबन हांसदा (21 वर्ष) के रूप में हुई है। वह प्रकाश हांसदा का पुत्र था। स्थानीय लोगों ने जंगल में एक पेड़ से गमछे के सहारे युवक का शव लटका देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल फतेहपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

और नया पुराने