संवाददाता अशोक कुमार मंडल जागता झारखंड कर्माटांड़ : कर्माटांड़ जामताड़ा झारखंड सरकार द्वारा कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए संचालित साइकिल वितरण योजना के तहत कर्माटांड़ उर्दू मध्य विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों में छात्रों के बीच साइकिलों का वितरण किया गया, लेकिन वितरण के बाद कई छात्रों और अभिभावकों ने साइकिलों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। छात्रों का आरोप है कि कई साइकिलों में पहले से जंग लगी हुई थी, कहीं हैंडल ढीला था, कहीं रिम टेढ़ी थी, तो कई साइकिलों में चेन, स्प्रॉकेट, ब्रेक एवं अन्य पुर्जों में खराबी पाई गई। कई छात्रों का कहना है कि साइकिल घर ले जाने के बाद उन्हें अपनी जेब से लगभग ₹500 तक खर्च कर मरम्मत करानी पड़ी, तब जाकर साइकिल उपयोग के योग्य हो सकी। अभिभावकों का कहना है कि सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण साइकिल उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त राशि खर्च करती है, ऐसे में खराब साइकिलों का वितरण चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर साइकिल आपूर्ति करने वाली एजेंसी, गुणवत्ता जांच से जुड़े अधिकारियों तथा वितरण प्रक्रिया में शामिल जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही जिन छात्रों को खराब साइकिलें मिली हैं, उन्हें तत्काल नई अथवा पूरी तरह ठीक साइकिल उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है। अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।




एक टिप्पणी भेजें