स्थापना दिवस पर जामताड़ा महाविद्यालय में प्रतिभाओं का सम्मान, कविता, भाषण व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन

 


संवाददाता अशोक कुमार मंडल जागता झारखंड कर्माटांड़ : जामताड़ा महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में गुरुवार को महाविद्यालय का स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर कौशल, प्रोफेसर डॉ. प्रीति कुमारी, प्रोफेसर डॉ ऋषिकेश, प्रोफेसर डॉ अनिल टेटे तथा प्रधान सहायक समीर झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद महाविद्यालय की प्रगति, उपलब्धियों और शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान पर प्रकाश डाला गया। स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कविता पाठ, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने शिक्षा, समाज, राष्ट्र निर्माण और युवा शक्ति जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की। प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी विकसित करते हैं। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।वही प्राचार्य प्रोफेसर कौशल ने कहा कि महाविद्यालय का स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्थान की गौरवशाली परंपरा, उपलब्धियों और मूल्यों को याद करने का अवसर है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। हमारा प्रयास है कि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ऐसा मंच मिले, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर भविष्य के लिए स्वयं को तैयार कर सकें। कार्यक्रम का समापन विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण, शिक्षकों के शुभकामना संदेश और महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ संपन्न हुआ। मौके पर प्रोफेसर डॉ वीरेंद्र कुमार सिंह, डॉ मोहम्मद रिजवान, नीलम कुजूर,डॉ शंकर पाण्डे, डॉ मालती मांझी, रेशमा टॉपो सहित कर्मी अंजू मुर्मू , भोला दास,मधुसूदन साधु,मीरा कुमारी, अनिकेत शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।

Post a Comment

और नया पुराने