मनमाने ढंग से विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव कराने का आरोप, पुनः चुनाव की उठी मांग

 


जागता झारखंड ब्यूरो चीफ जफरुल हसन गिरिडीह:तिसरी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंदौरी बालक में विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) के गठन को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि समिति का चुनाव पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक तरीके से नहीं कराया गया। उनका कहना है कि आम अभिभावकों और संबंधित लोगों की राय की अनदेखी करते हुए पूर्व अध्यक्ष को ही दोबारा अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।ग्रामीणों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे लोगों में असंतोष व्याप्त है। कुछ अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भी पूर्व अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल से संतुष्ट नहीं होने के बावजूद उन्हें दोबारा अध्यक्ष बनाया गया, जो उचित नहीं है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने विवादित चुनाव को तत्काल निरस्त कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पुनः चुनाव कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए, ताकि सभी पक्षों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।इधर, झामुमो युवा मोर्चा तिसरी प्रखंड अध्यक्ष मुहम्मद अफसर ने भी चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईओ) से पूरे मामले की जांच कराने और कथित रूप से विवादित चुनाव को रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग की है।ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।


Post a Comment

और नया पुराने