जागता झारखंड संवाददाता शिकारीपाड़ा (दुमका):
भारतीय एकता ट्रस्ट की कार्यकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय विधायक आलोक कुमार सोरेन के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष आफ़ताब अंसारी ने क्षेत्रवासियों की आवाज़ बनते हुए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली कटौती, स्ट्रीट लाइट, बढ़ती बेरोज़गारी तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से विधायक के समक्ष रखा।
अध्यक्ष आफ़ताब अंसारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान है। कई सड़कों की स्थिति जर्जर है, पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, लगातार बिजली कटौती से आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने जनहित में इन सभी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
विधायक आलोक कुमार सोरेन ने ट्रस्ट द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के समाधान की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे का समाधान कराने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।
बैठक में भारतीय एकता ट्रस्ट के मुख्य सहयोगी मुमताज अंसारी, सहयोगी इस्लाम अंसारी, प्रो. गुलाम रसूल, ट्रस्ट के सभी कार्यकारिणी सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।
भारतीय एकता ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि संगठन आगे भी जनता की आवाज़ बनकर क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।


एक टिप्पणी भेजें