बगड़ू थाना क्षेत्र में जोड़ा अंबा के पास चला वाहन चेकिंग अभियान, सड़क सुरक्षा पर दिया गया जोर
जागता झारखंड ब्यूरो चीफ मीर उबैद उल्लाह लोहरदगा:लोहरदगा जिले के बगड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ा अंबा के समीप थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को मजबूत करना था। इस दौरान पुलिस बल ने सड़क से गुजरने वाले दोपहिया एवं अन्य वाहनों की बारीकी से जांच की।वाहन जांच के दौरान चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र (आरसी), प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) एवं बीमा संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं थे, उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी गई। पुलिस ने बिना हेलमेट चलने वाले दोपहिया चालकों को भी जागरूक करते हुए सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार का अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाहन जांच का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक बनाना है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।


एक टिप्पणी भेजें