जागता झारखंड संवाददाता मो. जुलकर अंसारी शिकारीपाड़ा (दुमका):
शिकारीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हाई स्कूल, सरसाजोल में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में योग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता एवं प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व तथा स्वस्थ जीवन शैली में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल संचालन करने वाले विद्यालय के योग प्रशिक्षक विश्वनाथ पाल को विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार मंडल द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक असीम कुमार मंडल एवं शिक्षक मुकेश कुमार पाल ने विश्वनाथ पाल के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति एवं आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योगाभ्यास करने के संकल्प के साथ हुआ।


एक टिप्पणी भेजें