ढेबाडीह प्राथमिक विद्यालय में पेयजल संकट बरकरार, कच्ची सड़क से बच्चों को भी हो रही परेशानी



जागता झारखंड संवाददाता मो. जुलकर अंसारी शिकारीपाड़ा (दुमका):  शिकारीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ढाका पंचायत के ढेबाडीह गांव के नीचे टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय में पेयजल की समस्या आज भी बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में लगे चापानल लंबे समय से खराब हैं। चापानल से थोड़ा-बहुत पानी निकलता है, लेकिन वह पीने योग्य नहीं है। इसके कारण विद्यार्थियों, शिक्षकों और रसोइयों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) के लिए भी रसोइयों को दूर स्थित चापानल से पानी लाना पड़ता है। इससे भोजन तैयार करने में अतिरिक्त समय लगता है।

हालांकि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी समाचार प्रकाशित किया गया था, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस पहल नहीं की। परिणामस्वरूप विद्यालय में पेयजल संकट जस का तस बना हुआ है।

वहीं, विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क का कुछ हिस्सा हाल ही में पीसीसी पथ बनाया गया है, लेकिन विद्यालय तक का अंतिम हिस्सा अब भी कच्चा है। इसी रास्ते से छोटे-छोटे बच्चे विद्यालय आते-जाते हैं। बरसात के मौसम में सड़क कीचड़युक्त हो जाने से बच्चों को काफी परेशानी होती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय के खराब चापानल की शीघ्र मरम्मत कर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा विद्यालय तक शेष कच्चे मार्ग का भी पक्कीकरण कराया जाए, ताकि बच्चों को आवागमन में कठिनाई न हो।

Post a Comment

और नया पुराने