राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2026 की दौड़ में उदयनारायणपुर पंचायत, जिला स्तरीय टीम ने परखी तैयारियां

सामाजिक रूप से न्याय संगत एवं सुरक्षित गाँव’ थीम पर उदयनारायणपुर का निरीक्षण, विकास कार्यों की हुई समीक्षा


जागता झारखंड संवाददाता पाकुड़। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2026 के तहत थीम-7 ‘सामाजिक रूप से न्याय संगत एवं सुरक्षित गाँव’ श्रेणी में नामांकित उदयनारायणपुर पंचायत का जिला स्तरीय निरीक्षण किया गया। जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने पंचायत में संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, जन वितरण प्रणाली तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के मूल्यांकन मानकों के अनुरूप सभी दस्तावेजों, उपलब्धियों, नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में पंचायत की उपलब्धियों, जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा हुई। जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार पंचायतों के उत्कृष्ट कार्यों और ग्रामीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए पंचायत की तैयारियों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।


Post a Comment

और नया पुराने